चोरी की घटनाओं पर दुर्ग पुलिस का करारा प्रहार, फरार आदतन चोर गिरफ्तार

चोरी की घटनाओं पर दुर्ग पुलिस का करारा प्रहार, फरार आदतन चोर गिरफ्तार


दुर्ग, 19 जनवरी 2026। जिला दुर्ग में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना नेवई पुलिस ने विभिन्न चोरी की घटनाओं में संलिप्त एक फरार एवं आदतन आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी कई चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार थाना नेवई पुलिस द्वारा त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी ठामेश्वर साहू उर्फ रवि, पिता अभय राम साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम धनौरा, शक्तिपारा, खंती तालाब के पास, पदमनाभपुर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया है।

प्रकरण क्रमांक 430/2025 का खुलासा

प्रार्थी उमाकांत यादव, पिता महावीर यादव, उम्र 54 वर्ष, निवासी प्लॉट नंबर 03, फेस-06, मैत्री नगर, नेवई ने थाना नेवई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 28/12/2025 की रात्रि से 29/12/2025 के मध्य कृष्णा टॉकीज रोड, प्लांट नंबर 01, फेस-06, मैत्री नगर स्थित उनकी दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी की गई। इस पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 430/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की रकम आपस में बांटकर खर्च करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से ₹14,000 नगद जप्त किया गया।

प्रकरण क्रमांक 262/2025 में भी गिरफ्तारी

इसी तरह प्रार्थी दिनेश बैंजामिन, निवासी सड़क क्रॉस स्ट्रीट-01, प्रगति नगर, रिसाली द्वारा दर्ज रिपोर्ट के अनुसार दिनांक 25/08/2025 की रात्रि को प्रगति नगर, रिसाली स्थित मकान का ताला तोड़कर चोरी की घटना कारित की गई थी। थाना नेवई में अपराध क्रमांक 262/2025 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

इस मामले में पूर्व में एक आरोपी गिरफ्तार हो चुका था, जबकि ठामेश्वर साहू उर्फ रवि फरार था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 19.01.2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से ₹1,000 नगद जप्त किया गया।

अन्य संगीन अपराधों का भी खुलासा

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी द्वारा थाना पदमनाभपुर क्षेत्र से एक स्विफ्ट डिजायर कार चोरी, थाना भिलाई नगर क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी तथा जिला बालोद में एटीएम चोरी का प्रयास जैसे गंभीर अपराध किए गए हैं। चोरी किए गए वाहन पूर्व में ही आरोपी के साथी से जप्त किए जा चुके हैं।
प्रकरणों में नगद, आभूषण, मोबाइल एवं वाहनों सहित चोरी गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹11 से 12 लाख आंकी गई है। आरोपी आदतन अपराधी है और पूर्व में भी कई चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

दुर्ग पुलिस का सख़्त संदेश

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में लिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फरार एवं आदतन अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।