आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग, 12 अप्रैल 2026। आईपीएल मैचों के दौरान चल रहे अवैध सट्टा कारोबार पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी और मोबाइल फोन सहित कुल 49,810 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कंडरापारा स्थित ऋषभ नगर में एक मकान में आईपीएल मैच (चेन्नई बनाम दिल्ली) पर ऑनलाइन सट्टा संचालित होने की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी और मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान तीनों आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से लोगों से संपर्क कर मैच में हार-जीत पर दांव लगवाते पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने सट्टा संचालन करना स्वीकार किया।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 187/2026 दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 4, 6, 7 एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

गिरफ्तार आरोपी:

▪️विकास जैन (45 वर्ष), निवासी ऋषभ नगर, दुर्ग

▪️रौनक ताम्रकार (38 वर्ष), निवासी शिवपारा, दुर्ग

▪️प्रवीण ताम्रकार (20 वर्ष), निवासी गवलीपारा, दुर्ग

जप्त सामग्री:

▪️04 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 40,000 रुपये)

,▪️नगदी 9,810 रुपये

कुल जप्ती: 49,810 रुपये

पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे।
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली और एसीसीयू टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की अपील:

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध सट्टा एवं जुआ गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अवैध कार्यों में लिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।