दुर्ग पुलिस का तड़के सर्च अभियान, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

दुर्ग पुलिस का तड़के सर्च अभियान, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद


🔴290 मकानों की तलाशी, 25 किरायेदारों का सत्यापन


दुर्ग, 20 फरवरी 2026। जिले में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने शुक्रवार तड़के विशेष सघन सर्च अभियान चलाया। यह अभियान सुबह 4:00 बजे से 8:00 बजे तक भिलाई नगर जोन अंतर्गत संचालित किया गया।


290 मकानों की तलाशी, 25 किरायेदारों का सत्यापन


भिलाई नगर जोन थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दीनदयाल कॉलोनी खम्हरिया और स्मृति नगर क्षेत्र में 290 मकानों की तलाशी ली। बाहरी राज्यों एवं जिलों से आकर किराये पर रह रहे 25 व्यक्तियों का फिंगरप्रिंट लेकर सत्यापन किया गया।


155 वाहनों की जांच, 1 चोरी की बाइक बरामद


सशक्त एप के माध्यम से कॉलोनी परिसर में खड़े 155 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 5 दोपहिया वाहन संदिग्ध पाए गए। विधिवत जांच में थाना पुलगांव के अपराध क्रमांक 332/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत चोरी गई हीरो होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-AC-8651 बरामद की गई। शेष 4 संदिग्ध दोपहिया वाहनों को थाना लाकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


अपराधियों की पतासाजी जारी


चोरी प्रकरण में संलिप्त आरोपी की तलाश की जा रही है। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में आपराधिक तत्वों की पहचान, चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा किरायेदार सत्यापन सुनिश्चित करना रहा।


पुलिस की अपील


दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किरायेदार सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं और बाहरी या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल निकटतम थाना या डायल 112 पर दें। कानून व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों के सहयोग की अपेक्षा की गई है।
अभियान में विभिन्न थाना प्रभारियों, रक्षा टीम और एसीसीयू टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। संयुक्त टीम द्वारा समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई।