🔴ड्रोन निगरानी, “बाज़” क्विक रिस्पांस टीम और महिला पेट्रोलिंग दल सक्रिय
दुर्ग, 02 मार्च 2026। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च एवं सघन सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पूर्व में अपराध प्रभावित एवं अड्डेबाजी वाले स्थलों की मैपिंग कर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है।

फ्लैग मार्च में जिला प्रशासन की भी सक्रिय भागीदारी रही। कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एसडीएम एवं तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर/ग्रामीण), नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

प्रमुख मार्गों से गुजरा फ्लैग मार्च
प्रथम टीम ने पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-06 भिलाई से मार्च प्रारंभ कर रेल चौक, सेक्टर-09 तिराहा, 32 बंगला, वायशेप ब्रिज, मालवीय नगर चौक, पटेल चौक, सर्किट हाउस, अंडर ब्रिज, सूर्या मॉल चौक, अवंती बाई चौक, गदा चौक, सुपेला चौक, 18 नंबर रोड, कुरुद-कोहका, कैंप-1 जामुल, खुर्सीपार एवं पुरानी भिलाई सहित विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया।
द्वितीय टीम ने पुलगांव चौक, भारती कॉलेज, महाराजा चौक, जेल तिराहा, महारानी दुर्गावती चौक, राजेंद्र पार्क चौक, ग्रीन चौक सहित थाना मोहन नगर एवं थाना दुर्ग क्षेत्र में पेट्रोलिंग की।

900 पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन से निगरानी
जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु लगभग 900 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आवश्यकता अनुसार कार्यालयीन स्टाफ को भी फील्ड ड्यूटी में तैनात किया गया है। पूरे शहर में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है, ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर बनी रहे और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए “बाज़” विशेष क्विक रिस्पांस टीम का गठन कर रणनीतिक स्थलों पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पेट्रोलिंग टीम भी सक्रिय की गई है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष या नजदीकी थाना में दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

