दुर्ग, 01 अगस्त 2026। दुर्ग पुलिस ने सोशल पुलिसिंग की दिशा में एक और सराहनीय पहल करते हुए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 200 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-06 दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सुपुर्द किए। इस दौरान मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने खुशी जताते हुए दुर्ग पुलिस का आभार व्यक्त किया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें अपने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी।

दुर्ग पुलिस के अनुसार, जिले की साइबर सेल और सभी थाना-चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से तकनीकी विश्लेषण, सीईआईआर (CEIR) पोर्टल, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं से समन्वय तथा अन्य राज्यों की पुलिस के सहयोग से गुम मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल गुम मोबाइल बरामद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल पुलिसिंग के माध्यम से आम नागरिकों का पुलिस पर विश्वास मजबूत करने का भी प्रयास है। अभियान में जिला साइबर सेल, सभी थाना-चौकी प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत संबंधित थाना, साइबर सेल या CEIR पोर्टल पर सूचना दर्ज कराएं। साथ ही मोबाइल की सुरक्षा के लिए स्क्रीन लॉक, पासवर्ड और बायोमेट्रिक जैसी सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग अवश्य करें।

