🛑मुलजिम पेशी ड्यूटी पर सरगुजा गए थे सउनि व आरक्षक , इंसास रायफल छोड़कर जमीन पर सोने का आरोप
दुर्ग, 19 अक्टूबर 2026। अंबिकापुर में पुलिस की वर्दी में शराब का सेवन कर जमीन पर सोते पाए जाने के मामले में दुर्ग पुलिस के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) जीवन प्रकाश एक्का और आरक्षक क्रमांक 1223 ऋषिकांत त्रिपाठी शामिल हैं। दोनों रक्षित केंद्र, दुर्ग में पदस्थ हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मियों को 17 अक्टूबर 2026 को मुलजिम पेशी ड्यूटी के लिए जिला सरगुजा भेजा गया था। आदेश के मुताबिक, 18 अक्टूबर को शाम 5:40 बजे अंबिकापुर के नए बस स्टैंड में दोनों पुलिसकर्मी पुलिस की वर्दी में शराब का सेवन कर जमीन पर सोते हुए पाए गए। इस दौरान इंसास रायफल भी छोड़ दी गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्ग के उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। निलंबन के बाद दोनों को रक्षित केंद्र, दुर्ग में संबद्ध किया गया है।
पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान इस तरह की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कार्रवाई की गई है।


