🔴हेरोइन, मोबाइल और बाइक जब्त
भिलाई, 25 जुलाई 2026। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने स्कूल और कॉलेज के आसपास हेरोइन की बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। खुर्सीपार थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8.49 ग्राम हेरोइन, नकदी, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आईटीआई मैदान, खुर्सीपार के पास एक युवक अवैध रूप से हेरोइन बेच रहा है और विशेष रूप से स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों तथा युवाओं को नशीले पदार्थ की सप्लाई कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना खुर्सीपार पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जसराज सिंह (22 वर्ष) निवासी इंदिरा नगर, छावनी, भिलाई बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 8.49 ग्राम हेरोइन, ₹1,050 की बिक्री रकम, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 295/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21(बी) एवं 27ए के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आईटीआई मैदान और स्कूल-कॉलेज क्षेत्र में आने वाले युवाओं को छोटी-छोटी मात्रा में हेरोइन बेचकर अवैध कमाई कर रहा था।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

