🛑पंडालों में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा ऑडिट अनिवार्य करने पर जोर, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर जारी की गई SOP
दुर्ग, 09 अक्टूबर 2026। आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में 9 अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल रूम, दुर्ग में दुर्गा पंडालों और गरबा आयोजकों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों के 150 से अधिक मध्यम एवं बड़े दुर्गा पंडालों तथा गरबा आयोजनों के आयोजकों ने हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों को सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और ध्वनि नियंत्रण को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल, एएसपी ट्रैफिक कौशलेन्द्र पटेल, सीएसपी भिलाई नगर, एसडीएम भिलाई सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजकों को सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे करने होंगे।
पंडालों में अग्नि और विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर
पुलिस ने आयोजकों को निर्देश दिए कि दुर्गा पंडालों का निर्माण निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराया जाए। पंडालों की सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और विद्युत व्यवस्था की जांच सुनिश्चित करने के साथ बिजली के तारों, कनेक्शनों और उपकरणों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया गया। खुले तार, असुरक्षित जोड़ और बिजली के ओवरलोड से बचने के निर्देश भी दिए गए।
आयोजन स्थलों पर अग्निशमन यंत्र सहित जरूरी अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था करने को कहा गया। प्रवेश एवं निकास द्वार तथा आपातकालीन निकासी मार्गों को बाधारहित रखने के निर्देश भी जारी किए गए।
भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की होगी अहम भूमिका
नवरात्रि के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने प्रभावी भीड़ प्रबंधन पर जोर दिया। आयोजकों से पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने, प्रवेश और निकास की समुचित व्यवस्था रखने तथा भगदड़ जैसी स्थिति रोकने के लिए सतर्कता बरतने को कहा गया।
इसके अलावा आयोजन स्थलों के आसपास पर्याप्त पार्किंग सुनिश्चित करने और सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग रोकने के निर्देश दिए गए। एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और पुलिस की आवाजाही के लिए रास्ता खुला रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में देरी न हो।
डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर भी रहेगी नजर
दुर्ग पुलिस ने डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में निर्धारित ध्वनि मानकों, अनुमेय समय-सीमा और लागू वैधानिक दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। गरबा आयोजनों में प्रवेश और निकास पर निगरानी रखने, पर्याप्त सुरक्षा स्वयंसेवक तैनात करने तथा किसी भी विवाद या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी वितरित की गई। पुलिस ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने और आयोजन से जुड़ी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने की बात कही।
आयोजकों और नागरिकों से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने सभी दुर्गा पंडाल एवं गरबा आयोजकों से आयोजन शुरू होने से पहले सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी करने की अपील की है। आम नागरिकों से भी उत्सव के दौरान शांति बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आयोजकों, प्रशासन और आम नागरिकों के आपसी सहयोग से नवरात्रि एवं दुर्गा उत्सव को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा।

