दुर्ग पिंक पेट्रोलिंग : स्कूलों के आसपास तंबाकू बेचने वाले 10 दुकानदारों पर कार्रवाई

दुर्ग पिंक पेट्रोलिंग : स्कूलों के आसपास तंबाकू बेचने वाले 10 दुकानदारों पर कार्रवाई


दुर्ग, 29 जुलाई 2026। जिले में विद्यार्थियों को तंबाकू उत्पादों से दूर रखने और शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू मुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस की पिंक पेट्रोलिंग टीम ने “ऑपरेशन KOTPA एनफोर्समेंट” के तहत विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुरानी भिलाई, मोहन नगर, खुर्सीपार और नेवई थाना क्षेत्रों में कुल 10 दुकानदारों के खिलाफ कोटपा (COTPA) एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस ने विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में स्थित दुकानों का निरीक्षण कर तंबाकू उत्पादों की बिक्री की जांच की। इस दौरान दुकानदारों को नाबालिगों और विद्यार्थियों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने तथा कोटपा एक्ट के प्रावधानों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

कार्रवाई के तहत पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में 3, मोहन नगर में 1, खुर्सीपार में 5 और नेवई थाना क्षेत्र में 1 दुकानदार के विरुद्ध कार्रवाई की गई। साथ ही दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रति जागरूक किया गया।

दुर्ग पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि शिक्षण संस्थानों के आसपास नशामुक्त और सुरक्षित वातावरण तैयार करना भी है। पिंक पेट्रोलिंग टीमों ने लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों और कानून के प्रावधानों की जानकारी देकर स्वैच्छिक अनुपालन के लिए प्रेरित किया।

दुर्ग पुलिस ने सभी दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे स्कूलों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों का विक्रय न करें और कोटपा एक्ट का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।