दुर्ग : कार व बाइक की टक्कर में एक की मौत, चालक पर मामला दर्ज

दुर्ग : कार व बाइक की टक्कर में एक की मौत, चालक पर मामला दर्ज


दुर्ग, 09 जून 2026। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक बच्ची की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राजेश यादव (45 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 जून को वह अपने परिचितों के साथ मोटरसाइकिल से नगपुरा से शिकारी टोला जा रहा था। मोटरसाइकिल नई होने के कारण उसका पंजीयन नंबर अभी प्राप्त नहीं हुआ था। बाइक पर राजेश यादव स्वयं वाहन चला रहा था, जबकि बीच में कौशल यादव, सामने हेमलता और पीछे सुदामा बैठे थे।

शाम करीब 4.30 बजे खुर्सीडीह-बोरई मार्ग पर पहुंचने के दौरान एक कार क्रमांक PB 10 CZ 4495 अचानक बिना इंडिकेटर और दिशा सूचक दिए सड़क पर मुड़ गई। इससे मोटरसाइकिल कार के चालक वाले दरवाजे से टकरा गई और दुर्घटना हो गई। हादसे में बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए।

दुर्घटना में बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई और कान से खून निकलने लगा। वहीं मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई तथा राजेश यादव को भी घुटने में चोटें आईं। घायल हेमलता को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर पुलगांव पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर कार चालक के खिलाफ थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 531/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 281, 125(ए), 106(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारियों का विस्तृत परीक्षण कर रही है।