भिलाईनगर, 07 अगस्त 2026। जामुल थाना क्षेत्र के ओखरा रोड पर धारदार हथियार से युवक की हत्या के मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को मोतीराम गायकवाड़ ने थाना जामुल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र भीष्म गायकवाड़ सुबह करीब 9 बजे टिफिन लेकर रायपुर जाने के लिए निकला था। करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि ओखरा रोड स्थित बरगद के पेड़ के पास गांव के अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी ने विवाद के दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घायल भीष्म को तत्काल मां कर्मा अस्पताल, मुरमुंडा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पहले पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया था, लेकिन युवक की मृत्यु के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर जांच शुरू की गई।
पुराने विवाद ने ली जान
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। घटना वाले दिन दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से भीष्म के पेट और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी से हथियार बरामद
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी (53 वर्ष), निवासी ग्राम नरधा, थाना जामुल, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर और शांतिपूर्ण तरीके से करें। किसी भी आपराधिक गतिविधि या विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

