दुर्ग : नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.970 किलो गांजा सहित दो गिरफ्तार

दुर्ग : नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.970 किलो गांजा सहित दो गिरफ्तार


भिलाईनगर, 29 अप्रैल 2026। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4.970 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 49 हजार रुपये बताई गई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि पुरैना नर्सरी डेम के पास दो व्यक्ति गांजा बेचने के उद्देश्य से ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अर्जुन चौहान (23 वर्ष) और ईश्वर चौहान (23 वर्ष), निवासी ओम शांति पारा, पुरैना बताया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से प्लास्टिक पैकेटों में रखा कुल 4.970 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इस मामले में थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 231/2026 धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा का संग्रहण और बिक्री कर रहे थे। घटना स्थल पुरैना नर्सरी डेम के पास का है।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई पुलिस की टीम ने त्वरित सूचना संकलन, घेराबंदी और प्रभावी कार्रवाई कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।