Durg : रेस्टोरेंट में पीछे से पहुंचा और गले पर कर दिया धारदार हथियार से वार

Durg : रेस्टोरेंट में पीछे से पहुंचा और गले पर कर दिया धारदार हथियार से वार


🔴अहमदाबाद से पकड़ा गया आरोपी, बाइक और घटना के समय पहने कपड़े बरामद

दुर्ग, 15 सितंबर 2026। ग्राम जोरातराई स्थित बाबा रेस्टोरेंट में पुरानी आपसी रंजिश को लेकर राजेन्द्र सिंह पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के मामले में उतई पुलिस ने आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार, फरारी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार घटना 12 सितंबर 2026 की है। ग्राम जोरातराई निवासी नंद बिहारी ने थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता राजेन्द्र सिंह रोजाना की तरह चाय पीने के लिए बाबा रेस्टोरेंट गए थे। वहां परिचितों के साथ चाय पीने के दौरान आरोपी पीछे से पहुंचा और पुरानी आपसी रंजिश को लेकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने राजेन्द्र सिंह की हत्या करने की नीयत से धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया। राजेन्द्र सिंह ने बचाव का प्रयास किया तो आरोपी ने पेट पर भी वार करने की कोशिश की। हमले में राजेन्द्र सिंह घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। वारदात के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो गया और पुलिस से बचने के लिए गुजरात के अहमदाबाद पहुंच गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लगातार पतासाजी की। आरोपी के अहमदाबाद में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम गुजरात पहुंची और उसे हिरासत में लेकर दुर्ग लाई। पूछताछ तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने तीन महत्वपूर्ण साक्ष्य किए बरामद

उतई पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक धारदार हथियार, फरारी के दौरान इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LT 1244 तथा घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पुरानी आपसी रंजिश के चलते रेस्टोरेंट में बैठे राजेन्द्र सिंह पर पीछे से अचानक हमला किया। वारदात के बाद मोटरसाइकिल से फरार होकर गुजरात चला गया था।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 458/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में अपराध दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी 15 सितंबर 2026 को की गई।

इस कार्रवाई में थाना उतई निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक देवलाल साहू सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और रंजिश को हिंसक रूप देने के बजाय कानून का सहारा लें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।