दुर्ग : बोरसी चौक में तेज रफ्तार का कहर : बाइक सवार की मौत, चालक पर केस दर्ज

दुर्ग : बोरसी चौक में तेज रफ्तार का कहर : बाइक सवार की मौत, चालक पर केस दर्ज


दुर्ग, 07 अप्रैल 2026। दुर्ग शहर के बोरसी चौक क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पद्मनाभपुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी स्वामीनाथ राउत (54 वर्ष), निवासी अटल आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट के पास, बोरसी, ने थाना पद्मनाभपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका पुत्र दिलीप राउत (35 वर्ष) 6 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे अपने मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 CT 9253 से काम के सिलसिले में बोरसी चौक गया था।
शाम करीब 5:30 बजे बोरसी चौक नाला के पास एक तेज रफ्तार वाहन (क्रमांक CG 07 AW 6739) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दिलीप की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दिलीप को तत्काल शासकीय अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। वहीं, स्वामीनाथ राउत की रिपोर्ट पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 0211/26 के तहत धारा 184 एलकेएस एवं 106 बीएनएस में मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
थाना पदमनाभपुर पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।