दुर्ग, 22 मई 2026। ऑनलाइन निवेश और फॉरेक्स ट्रेडिंग में अधिक लाभांश दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी निवेश योजना के जरिए प्रार्थी से 13 लाख 60 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा कराए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गंजपारा दुर्ग निवासी दीपक जैन (27 वर्ष) ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में आरोपीगण ने फॉरेक्स ट्रेडिंग एवं निवेश कंपनी में अधिक मुनाफा दिलाने का प्रलोभन देकर उससे अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस और ऑनलाइन माध्यम से रकम जमा कराई। आरोपियों ने निवेश की राशि सुरक्षित रहने और हर माह लाभांश मिलने का भरोसा दिलाया था।
प्रार्थी द्वारा कुल 13 लाख 60 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा किए गए, लेकिन कुछ समय बाद कंपनी बंद हो गई। इसके बाद न तो लाभांश मिला और न ही मूल राशि वापस की गई। शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत धारा 420 एवं 34 भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र कुमार ताम्रकार (50 वर्ष) निवासी तामेश्वरा वार्ड क्रमांक 30 दुर्ग, हाल मुकाम जवाहर नगर वार्ड क्रमांक 18 दुर्ग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी निवेश योजना चलाने और लोगों से रकम जमा कराने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, बैंक दस्तावेज एवं लेन-देन संबंधी दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों और संबंधित बैंक खातों की जांच जारी है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग या अधिक लाभांश देने वाली योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित संस्था की वैधानिक जांच अवश्य करें तथा किसी भी साइबर या आर्थिक अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

