सीजी न्यूज ऑनलाइन 14 नवंबर । एसडीएम सजा जिला बेमेतरा को आज ₹10000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम द्वारा पकड़ा गया। भूमि डायवर्सन के नाम पर दिव्यांग प्रार्थी से एसडीएम के द्वारा ₹20000 की मांग की गई थी।
दिव्यांग प्रार्थी तुकाराम पटेल, ग्राम भठगांव, तहसील देवकर, जिला-बेमेतरा द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, रायपुर में शिकायत की गई थी कि नगर पंचायत परपोड़ी स्थित उसकी माता के नाम पर भूमि के व्यपवर्तन (Diversion) हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिये एस.डी.एम. कार्यालय साजा, जिला-बेमेतरा में आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिस पर आरोपी एस.डी.एम. साजा टेकराम माहेश्वरी द्वारा 1 लाख रू० रिश्वत की मांग की जा रही है। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत सत्यापन दौरान आरोपी एस.डी.एम. द्वारा मोलभाव कर 20,000 रू० रिश्वत पर सहमत हुआ और 10,000 रू0 एडवांस के रूप में ले लिया। आज ट्रेप आयोजित कर आरोपी टेकराम माहेश्वरी, एस.डी.एम., साजा एवं उसके सहयोगी नगर सैनिक गौकरण सिंह को शेष रकम 10,000 रू० रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर उनके निवास स्थानों की तलाशी भी ली जा रही है। प्रकरण में उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

