🔴CCTV फुटेज से पुलिस को मिली सफलता
दुर्ग, 29 अप्रैल 2026। सिटी कोतवाली पुलिस ने राजीव नगर क्षेत्र में मकान में आगजनी कर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया गीता बाई खांडेकर, निवासी राजीव नगर, दुर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी ने उनके मकान में आगजनी कर दी। इस घटना में पलंग, कूलर सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए, जिससे लगभग 20 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ।
मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 215/2026 धारा 326(ग) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, गवाहों के बयान लिए और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी आकाश यादव उर्फ बुद्धु (21 वर्ष), निवासी राजीव नगर वार्ड क्रमांक 04, दुर्ग को चिन्हित कर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना का मुख्य कारण पुरानी रंजिश है। घटना स्थल वार्ड क्रमांक 02, राजीव नगर स्थित शिव मंदिर के पास का है।
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली के निरीक्षक नवीन कुमार राजपूत, सउनि मोहन लाल साहू, प्रधान आरक्षक मनोज निर्मलकर, राकेश निर्मलकर, आरक्षक केशव कुमार एवं गजेन्द्र यादव की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

