🔴 18 घंटे बाद भी नहीं मिला शव, जामुल थाना क्षेत्र का था रहने वाला
दुर्ग, 21 सितंबर 2026। शिवनाथ नदी दुर्ग स्थित भाटागांव एनीकट में मछली पकड़ने गया 25 वर्षीय युवक तेज बहाव में बह गया। घटना के करीब 18 घंटे बाद भी युवक का शव बरामद नहीं हो सका है। एसडीआरएफ दुर्ग की गोताखोर टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर युवक की तलाश में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन ठाकुर पिता अनिल ठाकुर (25 वर्ष), निवासी गुरु घासीदास नगर, थाना जामुल क्षेत्र, रविवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी स्थित भाटागांव एनीकट पहुंचा था। बताया जा रहा है कि मछली पकड़ने के बाद लौटते समय पवन नदी में तैर रहा था। इसी दौरान शाम करीब 5 बजे तेज बहाव की चपेट में आकर वह नदी में बह गया।
घटना के बाद उसके दोस्तों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर पहुंची और शाम से ही नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन देर रात तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
एसडीआरएफ दुर्ग के धनीराम यादव ने बताया कि सोमवार सुबह से दोबारा सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। गोताखोरों की टीम नदी के संभावित स्थानों पर युवक की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है। युवक की तलाश में रेस्क्यू टीम का अभियान लगातार जारी है।

