दुर्ग : कोकड़ी नाला पुल पर तेज बहाव में बाइक समेत बहा युवक, पेड़ के सहारे अटका

दुर्ग : कोकड़ी नाला पुल पर तेज बहाव में बाइक समेत बहा युवक, पेड़ के सहारे अटका


🔴उतई पुलिस ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

दुर्ग, 26 सितंबर 2026 । लगातार हो रही बारिश के बीच उतई थाना क्षेत्र के कोकड़ी नाला पुल पर तेज बहाव में मोटरसाइकिल समेत बह गए युवक को पुलिस और डायल-112 की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। युवक पानी के तेज बहाव में बहने के बाद एक पेड़ के सहारे फंस गया था। उसने किसी तरह पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मदद मांगी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

बाइक समेत बहा युवक

जानकारी के अनुसार 25 सितंबर 2026 को ग्राम पव्वारा निवासी लोकेश्वर साहू मोटरसाइकिल से पव्वारा से खमहरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोकड़ी नाला पुल पर बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। युवक मोटरसाइकिल सहित पानी के तेज बहाव में बह गया।

पेड़ के सहारे बचाई जान

बहते पानी के बीच लोकेश्वर किसी तरह एक पेड़ तक पहुंचे और उसके सहारे लटककर अपनी जान बचाई। तेज बहाव के कारण वह काफी देर तक वहीं फंसे रहे। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी स्थिति की जानकारी दी और मदद मांगी।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही उतई थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपक कुमार सहित पुलिस टीम और डायल-112 मौके पर पहुंची। टीम ने परिस्थितियों का आकलन करने के बाद सावधानी और सूझबूझ के साथ युवक तक पहुंच बनाई।

पेड़ के सहारे से निकाला सुरक्षित

पुलिस टीम ने युवक को पेड़ के सहारे से सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय पर पुलिस सहायता मिलने से युवक की जान बच गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल

रेस्क्यू अभियान में थाना उतई के निरीक्षक मोहन भारद्वाज, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दीपक कुमार, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक राजीव दुबे, दीपक जॉन एवं डायल-112 के चालक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बारिश में नदी-नालों से दूर रहने की अपील

दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान नदी, नाला, पुल-पुलिया और तेज बहाव वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें। पानी का बहाव तेज होने पर पुल या नाला पार करने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में खुद जोखिम उठाने के बजाय तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा डायल-112 को सूचना दें।