Durg : तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, मजदूर की मौके पर मौत

Durg : तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, मजदूर की मौके पर मौत


दुर्ग, 12 अप्रैल 2026। थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 8:45 बजे ग्राम रसमड़ा स्थित एफसीआई गोदाम के पीछे राधे ब्रिक्स मोड़ के पास यह हादसा हुआ। मृतक विष्णु निर्मलकर (30 वर्ष) निवासी ग्राम मनगटा, थाना सोमनी जिला राजनांदगांव, रोजाना की तरह साइकिल से काम पर जा रहा था।
इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG 07 CA 7101 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विष्णु सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मामले में मर्ग जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के जिम्मेदार चालक की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।