🛑तीन साल से सड़क से कब्जा हटाने की मांग, हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का रहवासियों का आरोप
दुर्ग, 29 अक्टूबर 2026। दुर्ग की खंडेलवाल कॉलोनी में आपातकालीन सुविधाओं के लिए रास्ता बाधित होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। 28 अक्टूबर की शाम करीब 6:45 बजे कॉलोनी के मकान नंबर A-22 में खड़ी मारुति ग्रैंड विटारा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। रहवासियों के अनुसार, आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन रास्ते में अवरोध के कारण दमकल वाहन मौके तक नहीं पहुंच सका और उसे आधे रास्ते से ही लौटना पड़ा।
पड़ोसियों ने पानी डालकर बुझाई आग
जानकारी के मुताबिक, अंकित खंडेलवाल पिता राजेश खंडेलवाल के घर के पोर्च में खड़ी कार क्रमांक CG 08 AP 8808 में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद घर के सदस्यों और आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और अंततः आग पर काबू पा लिया। रहवासियों का कहना है कि यदि आग ईंधन टंकी तक पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मुख्य मार्ग पर कब्जे और बेतरतीब पार्किंग का आरोप
खंडेलवाल कॉलोनी के नागरिकों का आरोप है कि कॉलोनी के मुख्य मार्ग के दोनों ओर कथित रूप से बाउंड्रीवॉल बनाकर सड़क की जमीन पर कब्जा किया गया है। इसके अलावा, सड़क के दोनों किनारों पर दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े रहने से आवागमन बाधित होता है। रहवासियों ने ऋषभ कॉलोनी की ओर से खंडेलवाल कॉलोनी को जोड़ने वाले मार्ग सहित करीब 12 अन्य मार्गों को भी बाउंड्रीवॉल बनाकर अवरुद्ध किए जाने का आरोप लगाया है।
तीन साल से शिकायत, कार्रवाई का इंतजार
कॉलोनीवासियों के मुताबिक, रास्तों को खुलवाने के लिए 30 अगस्त 2023 से कलेक्टर कार्यालय दुर्ग, नगर पालिक निगम दुर्ग, संभागायुक्त, पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस और नगर तथा ग्राम निवेश विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को लगातार पत्र दिए जा रहे हैं। रहवासियों का दावा है कि सूचना का अधिकार के तहत जानकारी लेने और हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
नागरिकों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर लगातार पत्राचार के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही और मामले को विभिन्न प्रक्रियाओं के नाम पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उनका कहना है कि सड़क और रास्तों पर अवरोध के कारण कॉलोनी में आपातकालीन सेवाओं की पहुंच प्रभावित हो रही है।
आपात स्थिति में कौन होगा जिम्मेदार?
कार में आग लगने की घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने सवाल उठाया है कि यदि भविष्य में आगजनी, गंभीर बीमारी या अन्य आपात स्थिति में एंबुलेंस अथवा दमकल वाहन रास्ते में फंस जाए, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? रहवासियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या के बारे में संबंधित विभागों को पहले ही अवगत कराया है, इसलिए अब प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।
खंडेलवाल कॉलोनी के नागरिकों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि कथित अतिक्रमण की जांच कराकर बाधित मार्गों को खुलवाया जाए, सड़क किनारे की अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई की जाए और दमकल व एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
अब देखना यह है कि कार में आग लगने की इस घटना के बाद संबंधित विभाग रास्तों की समस्या दूर करने के लिए ठोस कदम उठाते हैं या कॉलोनीवासी आगे भी आपातकालीन सुविधाओं से वंचित रहते हैं।

