डीयू ने केन्द्रीय मूल्यांकन के जरिए केवल एक सप्ताह के अंदर एमएड चतुर्थ सेमेस्टर के साथ-साथ तीन परीक्षा परिणाम किए घोषित

डीयू ने केन्द्रीय मूल्यांकन के जरिए केवल एक सप्ताह के अंदर एमएड चतुर्थ सेमेस्टर के साथ-साथ तीन परीक्षा परिणाम किए घोषित


दुर्ग, 30 मई । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में चल रहे सेमेस्टर परीक्षाओं के केन्द्रीय मूल्यांकन के प्रथम चरण में बीएड एवं एमएड के द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के उत्तरपुस्तिकाओं के केन्द्रीय मूल्यांकन के परिणाम स्वरूप आज एमएड चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा समाप्ति के एक सप्ताह के भीतर परिणाम घोषित कर दिया गया। परीक्षा परिणाम 91 प्रतिशत् रहा। विश्वविद्यालय की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने केन्द्रीय मूल्यांकन में उपस्थित प्राध्यापकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि शीघ्र ही एमएड द्वितीय सेमेस्टर तथा 10 जून तक बीएड द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम जारी कर दिये जायेंगे।

यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के केन्द्रीय मूल्यांकन के प्रभारी, डॉ. दिनेश नामदेव एवं उपकुलसचिव, राजेन्द्र कुमार चौहान ने संयुक्त रूप से बताया कि सेमेस्टर परीक्षाओं में इस बार 28,250 विद्यार्थी शामिल हो रहे है। जिनके लगभग सवा लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाना है। आज तक बीएड एमएड की कुल 18 हजार उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन समाप्त हो चुका है। विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को 50-50 के समूह में पृथक-पृथक तिथियों पर मूल्यांकन हेतु विश्वविद्यालय बुलाया गया है।
सह मूल्यांकन केन्द्र प्रभारी, हिमांशु शेखर मंडावी तथा दिग्विजय कुमार ने बताया कि आज विश्वविद्यालय द्वारा वार्षिक परीक्षा 2023-24 के घोषित नतीजे में बीकॉम द्वितीय वर्ष का परीक्षा परिणाम शामिल हैं। इसमें परीक्षा में शामिल कुल 5985 परीक्षार्थियों में से कुल 4084 परीक्षार्थी सफल घोषित किये गये। परीक्षा परिणाम 68.3 प्रतिशत् रहा। इसी प्रकार एमए पूर्व इतिहास की परीक्षा में शामिल 371 विद्यार्थियों में से कुल 303 सफल रहे जिनका कुल परीक्षा परिणाम 81 प्रतिशत् रहा।