दुर्ग 22 अप्रैल । हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की 24 अप्रैल को शाम 3ः00 बजे आयोजित होेने वाले प्रथम दीक्षांत समारोह का संपूर्ण रिहर्सल कल 23 अप्रैल को दोपहर 2ः00 बजे बीआईटी, दुर्ग के ऑडिटोरियम में किया जायेगा। इस रिहर्सल में दीक्षांत समारोह के दौरान स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले 126 छात्र-छात्राए तथा पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले 13 शोधार्थियों के साथ-साथ विश्वविद्यालय की कुलपति, डाॅ. अरूणा पल्टा एवं कुलसचिव,भूपेन्द्र कुलदीप तथा विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी शामिल होंगे। यह जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डाॅ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि सभी स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले तथा पीएचडी डिग्री प्राप्त करने वाले शोधार्थियों को रिवर्सल के पूर्व विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पगड़ी तथा विश्वविद्यालय का बैज निशुल्क प्रदान किया जायेगा। इसे धारण कर सभी दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
कार्य परिषद एवं विद्या परिषद के सदस्यों तथा विभिन्न संकायों के अध्यक्ष को 24 अप्रैल को दोपहर 2ः00 बजे पगड़ी तथा विश्वविद्यालय का बैज उपलब्ध कराया जायेगा। जिसे धारण कर वें शोभा यात्रा में शामिल होंगे। स्वर्ण पदक उपलब्ध कराने वाले सभी दानदातागण भी दीक्षांत समारोह में आमंत्रित किये गये है। दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले छात्रों हेतु सफेद रंग का कुर्ता पजामा तथा छात्राओं हेतु कोसे रंग की कोई भी साड़ी ड्रेस कोड के रूप में निर्धारित की गई है। छात्राओं को केवल कोसे रंग की साड़ी धारण करनी है। कोसे की साड़ी होना आवश्यक नहीं है। दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन हेतु विश्वविद्यालय में सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को कार्यभार बांट दिये गये हैं। दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के कुलगीत, एवं छत्तीसगढ़ के राज्यगीत का भी प्रस्तुतिकरण होगा।

