नशे में कार दौड़ाई, दो गायों की मौत: चालक के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला

नशे में कार दौड़ाई, दो गायों की मौत: चालक के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला


भिलाईनगर, 06 अगस्त 2026। दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और नशे में कार चलाने का गंभीर मामला सामने आया है। एक कार चालक ने पुलिया के पास बैठी तीन गायों को टक्कर मार दी, जिससे दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गाय घायल हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बागडूमर निवासी गौरव साहू अपने दोस्तों यशवंत चंद्रवंशी और दीपेश साहू के साथ 5 अगस्त की सुबह करीब 10:45 बजे बिरेंद्र कुमार के घर के सामने पुलिया के पास बैठे थे। इसी दौरान अहिवारा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मारुति सुजुकी वैगनआर (क्रमांक CG 07 BG 2764) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए कट मारा और पुलिया के पास बैठी तीन गायों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गाय घायल हो गई, जिसका उपचार कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक शराब के नशे में था। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रेम बंजारे (25 वर्ष), निवासी शंकर पारा, स्टेशन मरोदा, नेवई बताया।

घटना की सूचना डायल-112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रार्थी गौरव साहू की रिपोर्ट पर नंदिनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 254/2026 दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 185 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 325 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।