थाने में ड्रग तस्कर ने खुद को मार ली गोली, पिस्टल लेकर पहुंचा था, 1814 करोड़ के ड्रग तस्करी मामले में था फरार

थाने में ड्रग तस्कर ने खुद को मार ली गोली, पिस्टल लेकर पहुंचा था, 1814 करोड़ के ड्रग तस्करी मामले में था फरार


सीजी न्यूज आनलाईन डेस्क, 12 अक्टूबर।‌मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक फैक्ट्री में पकड़ी गई 1814 करोड़ की ड्रग्स के मामले में आरोपी प्रेमसुख पाटीदार ने थाने में खुद को गोली मार ली। वह बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।

घटना मंदसौर के अफजलपुर थाने की है। प्रेमसुख पाटीदार शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अवैध पिस्टल लेकर थाने पहुंचा। यहां पुलिस के सामने खुद के पैर में गोली मार ली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली फिर अस्पताल पहुंचाया।

भोपाल के बगरौदा इंडस्ट्रियल एरिया में ड्रग्स फैक्ट्री मामले में पुलिस पहले मंदसौर के माल्या खेरखेड़ा निवासी हरीश आंजना को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी हरीश आंजना ने बताया था कि उसने हथुनिया निवासी प्रेमसुख पाटीदार से एमडी ड्रग की खरीद-फरोख्त की थी। इसके बाद से ही पुलिस की कई टीमें प्रेमसुख पाटीदार की तलाश में छापामारी कर रही थीं।
मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि पुलिस ने प्रेमसुख नाम के आरोपी को पकड़ा है। वह एनसीबी और अन्य एजेंसियों के केस में वांटेड था। मंदसौर पुलिस इसकी तलाश कर रही थी।

एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस की पूछताछ से बचने के लिए प्रेमसुख ने खुद के पैर पर गोली मारकर थाने आ गया। उसे अभी जिला अस्पताल में एडमिट किया गया है जहां उसका इलाज किया जा रहा है। इलाज के बाद आरोपी से पूछताछ कर उसके साथियों की जानकारी लेंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।