राजधानी बार के पास लिफ्ट न देने पर ड्रायवर को डंडे से पीटा, जुर्म दर्ज
भिलाई नगर, 10 फरवरी। बुधवार की देर रात राजधानी बार के पास कुछ लोगों ने ट्रक जबरन रोक लिफ्ट मांगा, ड्रायवर ने जैसे ही लिफ्ट देने से मना किया, सभी लोग डंडा और ईंट से उसे मारने लगे। हो-हल्ला होने पर आस-पास के राहगीरों के बीच बचाव बाद सभी वहां से भाग निकले। यह घटना रात साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार घासीदास नगर दुर्गा मंच के समीप निवासी आनंद गुप्ता (23 वर्ष) बीती रात ट्रक से अपने दोस्त टिंकु को लेकर अहिवारा गया था। वहाँ ट्रक में माल लोडिंग नहीं होने की वजह से घर लौट रहा था। रात्रि करीब साढे़ 11 बजे उनकी ट्रक राजधानी बार के पास दिलीप वर्मा नाम ने रोका। उसके साथ और भी लोग थे। दिलीप ने आनंद से बोगदा पुलिया के पास तक सभी को लिफ्ट देने बोला। आनंद ने कहा यह सवारी गाडी़ नहीं है इसलिए हम नहीं बैठा सकते। इतना सुने ही दिलीप व उनके साथी गालियां देने लगे। आनंद ने अपशब्दों का प्रयोग न करने कहा तो उन्होंने कालर पकड़ उसे ट्रक से उतारा और मारने लगे। रात साढ़े 12 बजे जामुल थाना पहुंच आनंद ने बताया कि आरोपियों ने डण्डा और ईंट से भी उसे मारा है। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते रहे। मारपीट से आनंद के सिर के पीछे और दाहिने हाथ में चोट आई है। मौके पर टिंकू साहनी, संदीप सिंह एवं पंडित रवि भूषण ने बीचबचाव कर आनंद को वहां से रवाना किया। जामुल पुलिस ने आरोपी दिलीप वर्मा और उसके साथियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 506 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

