दुर्ग, 01 अक्टूबर 2026। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलसचिव के पद का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने दोपहर करीब 12 बजे कुलसचिव के रूप में पदभार संभाला।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय तिवारी, साइंस कॉलेज दुर्ग के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राकेश रंजन सिंह, डॉ. एस.डी. देशमुख, डॉ. अम्बरीश त्रिपाठी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. नीलू श्रीवास्तव, स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. दिनेश नामदेव, सहायक कुलसचिव दिग्विजय कुमार एवं हिमांशु शेखर मंडावी तथा उच्च शिक्षा विभाग के सहायक संचालक डॉ. सुमीत अग्रवाल सहित विश्वविद्यालय के कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
33 वर्षों के अनुभव का विश्वविद्यालय को मिलेगा लाभ
इस अवसर पर कुलपति डॉ. संजय तिवारी ने डॉ. पाण्डेय का स्वागत करते हुए कहा कि उनके लगभग 33 वर्षों के लंबे शासकीय सेवा अनुभव का लाभ विश्वविद्यालय को मिलेगा। साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने डॉ. पाण्डेय को समर्पित प्राध्यापक बताते हुए कहा कि उनकी विश्वविद्यालय में पदस्थापना से संस्थान के कार्यों को नई गति मिलेगी।

50 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित
उल्लेखनीय है कि इतिहास विषय के प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय साइंस कॉलेज, दुर्ग तथा शासकीय डी.बी. गर्ल्स कॉलेज, रायपुर में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में 5 से अधिक शोधार्थी पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर चुके हैं। वहीं उनके 50 से अधिक शोध पत्र उच्च स्तरीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
डॉ. पाण्डेय के कुलसचिव का कार्यभार ग्रहण करने पर साइंस कॉलेज, दुर्ग के प्राध्यापकों सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

