डीयू में स्थापित होगी डॉ. आंबेडकर चेयर, केंद्र ने दी सैद्धांतिक मंजूरी

डीयू में स्थापित होगी डॉ. आंबेडकर चेयर, केंद्र ने दी सैद्धांतिक मंजूरी



सीजी न्यूज ऑनलाइन, 7 जून 2026। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन कार्यरत डॉ. आंबेडकर फाउंडेशन ने दुर्ग स्थित हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में डॉ. आंबेडकर चेयर (शोध पीठ) की स्थापना के लिए सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही यह उपलब्धि हासिल करने वाला छत्तीसगढ़ का पहला तथा देश का 25वां उच्च शिक्षण संस्थान बन गया है।
फाउंडेशन के राष्ट्रीय निदेशक मनोज तिवारी ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजय तिवारी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. आंबेडकर चेयर की स्थापना और संचालन के लिए फाउंडेशन की ओर से प्रतिवर्ष 75 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा। इस शोध पीठ की स्थापना पर कुल 1.85 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि डॉ. आंबेडकर चेयर की स्थापना से सामाजिक न्याय, समता, संविधान, मानवाधिकार तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों पर उच्च स्तरीय शोध और अकादमिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ शोध एवं अध्ययन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराएगी।