छात्र हित में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने 6 अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से किए MOU

छात्र हित में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने 6 अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से किए MOU


दुर्ग, 16 फरवरी 2026। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने छात्र-छात्राओं के हित में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की 6 प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन समझौतों से विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खुलेंगे।

🔹 इन संस्थाओं से हुआ समझौता

एमओयू जिन संस्थानों से हस्ताक्षरित किए गए, उनमें शामिल हैं—

▪️Lincoln University College, मलेशिया

▪️Bexspurt, ब्रुसेल्स (बेल्जियम)

▪️Doctor Harisingh Gour University, सागर (मध्य प्रदेश)

▪️Aegis Tech Limited, मास्को

▪️Srijan Sanchar, नई दिल्ली

▪️IMEC, बेल्जियम

🔹 कुलपति ने बताया—नई संभावनाओं का मार्ग

कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी ने स्वागत भाषण में बताया कि 160 महाविद्यालयों, 7 जिलों और लगभग 1.80 लाख छात्र-छात्राओं वाले विश्वविद्यालय के लिए यह पहल महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप ये एमओयू कौशल विकास, शोध संवर्धन और आत्मनिर्भरता की दिशा में सहायक सिद्ध होंगे। कार्यक्रम पीएम उषा (रूसा) 2.0 के अंतर्गत आयोजित किया गया।

🔹 अतिथियों के विचार

लिंकन यूनिवर्सिटी कॉलेज, मलेशिया के संस्थापक प्रो. अमिय भौमिक ने कहा कि शिक्षा समाज के हित में कार्य करने की प्रेरणा देती है और मन के अंधकार को दूर करती है। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों व शोधार्थियों को हर संभव मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।

बेक्सपर्ट, ब्रुसेल्स के डी.के. गौतम ने शिक्षा के साथ रोजगार की अनिवार्यता पर बल देते हुए कहा कि कौशल आधारित दक्षता समय की मांग है।

आईएमईसी, बेल्जियम के शोधकर्ता डॉ. राजदीप गौतम ने आत्मविश्वास और भाषा ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला।
डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर से आए डॉ. राजपूत ने कहा कि एमओयू विचारों के आदान-प्रदान और सामूहिक प्रगति का माध्यम है।

🔹 सांस्कृतिक प्रस्तुति व सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. नीलू श्रीवास्तव ने किया। शासकीय संगीत महाविद्यालय, दुर्ग के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, छत्तीसगढ़ राज्य गीत एवं विश्वविद्यालय कुलगीत की प्रस्तुति दी, जिसकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. भूपेंद्र कुलदीप सहित विश्वविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
एमओयू हस्ताक्षर के पश्चात प्राध्यापकों का विचार-विमर्श सत्र भी आयोजित किया गया। अंत में कुलसचिव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।