🔴एडॉप्शन सेंटर के अध्यक्ष पद से भी हटेगा डॉक्टर, महिला बाल विकास ने मुख्यालय को दी सूचना
दुर्ग, 26 जुलाई 2026। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के बोरसी भाठा स्थित एक क्लीनिक में 10वीं के छात्र के साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. सुधीर हिसीकर (61) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने गया था छात्र
पुलिस के अनुसार घटना 24 जुलाई दोपहर करीब 1 बजे की है। पीड़ित किशोर अपने दोस्त के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने बोरसी भाठा स्थित क्लीनिक पहुंचा था। आरोप है कि जांच के दौरान डॉक्टर ने उसके प्राइवेट पार्ट को अनुचित तरीके से छुआ और उसे गले लगाकर अश्लील हरकत की।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई पूरी घटना
घटना के बाद छात्र किसी तरह क्लीनिक से निकलकर घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर पद्मनाभपुर थाना पहुंचे, जहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
पॉक्सो एक्ट के तहत केस, डॉक्टर जेल भेजा गया
पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 0443/26 में पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की। शनिवार 25 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर से भी जुड़ा है आरोपी
आरोपी डॉ. सुधीर हिसीकर पिछले लगभग 30 वर्षों से बोरसी भाठा में क्लीनिक संचालित कर रहा है। उसने बीएएमएस की डिग्री प्राप्त की है। उसकी पत्नी भी डॉक्टर हैं और ग्राम अंडा में संविदा पर पदस्थ हैं। दोनों सेवा भारती मातृ छाया एडॉप्शन सेंटर के संचालन से भी जुड़े हुए हैं।

एडॉप्शन सेंटर की कार्यप्रणाली पर भी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने आरोपी से जुड़े मातृ छाया सेवा भारती एडॉप्शन सेंटर की भी जांच कराने का निर्णय लिया है। पुलिस और प्रशासन यह पता लगाएंगे कि सेंटर का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जा रहा था या नहीं।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग को एडॉप्शन सेंटर की जांच के निर्देश दिए हैं। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी आर.के. जम्बुलकर ने बताया कि यह सेंटर स्वयंसेवी संस्था मातृ छाया सेवा भारती द्वारा संचालित है, जिसका मुख्यालय बिलासपुर में है।

अध्यक्ष पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू
महिला एवं बाल विकास विभाग ने संस्था के बिलासपुर मुख्यालय को पत्र भेजकर डॉ. सुधीर हिसीकर को दुर्ग स्थित एडॉप्शन सेंटर के अध्यक्ष पद से हटाने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि छोटे बच्चों से जुड़े इस संवेदनशील संस्थान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और संस्था जल्द ही अध्यक्ष पद से हटाने की कार्रवाई करेगी।

