भिलाई में जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता, 6 सितंबर को होगा शुभारंभ

भिलाई में जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता, 6 सितंबर को होगा शुभारंभ


🔴छठवीं और सातवीं सब जूनियर, जूनियर व सीनियर बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता; शाम 5 बजे होगा समापन समारोह

भिलाईनगर, 05 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ प्रेम निरंजन योगासन खेल संघ एवं योग लंगर समिति, भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में परमहंस स्वामी सत्यानंद सरस्वती की स्मृति में जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में छठवीं और सातवीं सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर बालक-बालिका वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के 2026-27 सत्र का उद्घाटन समारोह 6 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर-6, कालीबाड़ी के समीप, भिलाई में होगा।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. एस.पी. शर्मा, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सेक्टर-9 अस्पताल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवीण चौपड़ा, अध्यक्ष योग लंगर मरौदा करेंगे। वहीं उल्लास कुमार कौपलवार एवं टी.आर. देवांगन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

इसी दिन 2025-26 सत्र की जिला स्तरीय योगासन खेल प्रतियोगिता का समापन समारोह शाम 5 बजे आयोजित होगा। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं चेयरमैन HTC भिलाई इंद्रजीत सिंह होंगे। अध्यक्षता केशव बंधोर, सभापति, रिसाली नगर निगम करेंगे।

समापन समारोह में जिला योग संघ के अध्यक्ष ऋषिकेश सिंह, श्रीमती बबीता चौधरी एवं श्रीमती तरुणा देशमुख विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

आयोजकों ने योग एवं खेल प्रेमियों के साथ प्रतिभागियों के परिवारजनों और इष्ट मित्रों को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों और युवाओं में योग के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ योगासन को खेल के रूप में प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।