🔴28 मार्च को मतदान, 29-30 मार्च को मतगणना
दुर्ग, 03 मार्च 2026। जिला अधिवक्ता संघ दुर्ग (छत्तीसगढ़) के द्विवार्षिक चुनाव सत्र 2026–2028 हेतु चुनाव कार्यक्रम एवं निर्वाचन नियमावली जारी कर दी गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी द्वारा अधिसूचना जारी करते हुए 10 पदाधिकारियों एवं 7 कार्यकारिणी सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया घोषित की गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 2 मार्च 2026 को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। 3 मार्च को दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी, जबकि 6 मार्च को उनका निराकरण होगा। 7 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
नामांकन पत्रों का वितरण 9 एवं 10 मार्च को किया जाएगा। प्रत्याशी 10, 11 एवं 12 मार्च को अपने नामांकन प्रस्तुत कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) 13 मार्च को होगी तथा 16 मार्च को वैध प्रत्याशियों की प्रारंभिक सूची जारी की जाएगी। 17 एवं 18 मार्च को नाम वापसी की तिथि निर्धारित है, जबकि 19 मार्च को अंतिम प्रत्याशी सूची प्रकाशित की जाएगी।
28 मार्च को होगा मतदान
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 28 मार्च 2026 (शनिवार) को प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान जिला अधिवक्ता संघ के बार रूम नंबर-04 के पीछे स्थित मैदान में संपन्न कराया जाएगा।
29-30 मार्च को मतगणना
मतगणना 29 मार्च 2026 (रविवार) को प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होगी। आवश्यकता पड़ने पर 30 मार्च 2026 (सोमवार) को भी मतगणना जारी रहेगी। मतगणना पूर्ण होने के उपरांत परिणामों की घोषणा एवं निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही अधिवक्ताओं में चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है।

