व्यवसायिक मित्र की तरक्की से परेशान रियल स्टेट कारोबारी ने हत्या के लिए तांत्रिक को दी सुपारी, तांत्रिक ने उलट पीड़ित से मांगे 11 लाख, सूझबूझ से सुपेला पुलिस ने चारों षड्यंत्रकारियो को किया गिरफ्तार

व्यवसायिक मित्र की तरक्की से परेशान रियल स्टेट कारोबारी ने हत्या के लिए तांत्रिक को दी सुपारी, तांत्रिक ने उलट पीड़ित से मांगे 11 लाख, सूझबूझ से सुपेला पुलिस ने चारों षड्यंत्रकारियो को किया गिरफ्तार


भिलाई नगर 21 अक्टूबर । व्यवसायिक मित्र को आगे बढ़ता हुए देख ईर्ष्या के कारण जादू टोना कर मार देने की 10 लाख रूपये की सुपारी देने का मामला प्रकाश में आया है। परंतु सुपारी लेने वाले ने ही उलट शिकार व्यक्ति से ही उगाही में 11 लाख की मांग कर डाली। पीड़ित की रिपोर्ट पर सुपेला पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए तांत्रिक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। षड्यंत्रकारी आरोपी, तांत्रिक एवं दो अन्य के खिलाफ टोनही एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। पूरे मामले को सुपेला पुलिस के द्वारा महज 16 घंटे में ही हल कर लिया गया। जमीन कारोबारी (बिजनेस पार्टनर ) ही सुपारी देने वाला निकला।

पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉक्टर अभिषेक पल्लव ने बताया कि प्रार्थी संजीव सिंह निवासी आर्य नगर कोहका द्वारा कल 20 अक्टूबर को थाना सुपेला रिपोर्ट दर्ज कराया कि विगत 2-3 दिनो से इनके मोबाईल में एक नंबर से बार-बार फोन आ रहा है जो धमकाते हुए कह रहा है कि तुमको जादू-टोना करके मारने के लिए 10 लाख रूपये में सुपारी मिली है। यदि 11 लाख रूपये दे देते हो तो तुमको नहीं मारूंगा। प्रार्थी जादू-टोना व मारने की सुपारी देने की बात सुन कर काफी डरा हुआ था। जब उक्त मोबाईल नंबर के धारक द्वारा प्रार्थी को बार-बार फोन कर धमकाने लगा। प्रार्थी ने अंत में सुपेला थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला काफी गंभीर व संवेदनशील था। इस लिए घटना के तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा उनके निर्देशन पर थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक दुर्गेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।

पुलिस टीम द्वारा जाल बिछाकर फोन पर धमकी देने वाले आरोपी संतोष मिर्ची को पैसे देने के बहाने दुर्ग बस स्टैण्ड बुलाकर पकड़ा गया। आरोपी संतोष मिर्ची झाड़-फूक का काम करता है । जिनके कब्जे से नीबू, मिर्ची, बंदन, कच्चा धागा 7 नग पुराने तांबा का सिक्का व मोबाईल बरामद किया गया है। आरोपी संतोष ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि इसे अब तक 55,000 रूपये अजय कोसरे ने प्रार्थी संजीव सिंह को जादू-टोना कर मारने की सुपारी दी थी। इसके निशानदेही पर आरोपी अजय कोसरे को पकड़ा गया। आरोपी अजय कोसरे के मोबाईल चेक किया गया जिसमें इन्द्रकुमार महिलांग द्वारा प्रार्थी संजीव सिंह को मारने के लिए फोटो व नाम पता भेजा है। आरोपी का मोबाईल बरामद किया गया है। आरोपी इन्द्रकुमार महिलांग के द्वारा बतौर 01 लाख रूपये एडवांश के तौर पर रकम अजय कोसरे को दिया था। बचत रकम कार्य पूर्ण होने के पश्चात देना था। इसी मे से अजय कोसरे ने 55,000 रूपये संतोष मिर्ची (बैगा ) को दिया था तथा शेष रकम 45,000 रूपये स्वयं रखा था। आरोपी अजय कोसरे के निशानदेही पर आरोपी इन्द्रकुमार महिलांग एवं अशोक मौर्या को पकड़ा गया। जिनसे पूछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार किये। दोनो का मोबाईल चेक किया गया जिसमें प्रार्थी संजीव सिंह का फोटो व नाम पता अशोक मौर्या द्वारा इन्द्र कुमार महिलांग को भेजा गया है। दोनो का मोबाईल बरामद किया गया है। आरोपी अशोक मौर्या एवं प्रार्थी संजीव सिंह में जमीन खरीदी बिकी का पार्टनर थे तथा अशोक मौर्या का काम सही तरीके से नही चलने के कारण तथा संजीव सिंह का कारोबार दिन प्रतिदिन बढ़ते देखकर उसको जादू-टोना के माध्यम से मरवाने का प्लान तैयार कर आरोपीगणों को 10 लाख रूपये में सुपारी दिया था। सुपेला पुलिस की तत्परता से आरोपीगणों को 16 घंटे के अंदर ही पकड़ लिया गया तथा आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में जेल भेजा गया।

इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक दुर्गेश कुमार शर्मा, उप निरी. प्रमोद श्रीवास्तव, आरक्षक विकास तिवारी एवं जुनैद सिद्धीकी का विशेष योगदान रहा।

गिरफ्तार आरोपियों में अशोक कुमार मौर्या पिता स्व. राममूरत मौर्या उम्र 50 साल निवासी कैलाश नगर शिव मंदिर के पास थाना जामुल, इन्द्र कुमार महिलांग पिता स्व. कार्तिक महिलांग उम्र 52 साल निवासी ग्राम बानबरद थाना नंदिनी, निवारण , अजय कोसरे पिता लखन लाल कोसरे उम्र 36 साल निवासी गुण्डरदेही, ग्राम व पोष्ट उतई दुर्ग , संतोष मिर्ची पिता गौकरण उम्र 37 साल निवासी सहसपुर लोहारा जिला कबीरधाम । चारों आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 384, 386, 120-बी भादवि छ.ग. टोनही प्रताड़ना अधिनियम 2005 की धारा 7, 8 के तहत कार्यवाही की गई है।