कैरम सेंटर में सिगरेट को लेकर विवाद, युवक पर जानलेवा हमला—3 आरोपी गिरफ्तार

कैरम सेंटर में सिगरेट को लेकर विवाद, युवक पर जानलेवा हमला—3 आरोपी गिरफ्तार



भिलाईनगर, 09 अप्रैल 2026 । छावनी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां कैरम सेंटर में सिगरेट मांगने को लेकर हुए झगड़े में युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को प्रार्थी मोह. वसी ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह अयाज अहमद सिद्दीकी के कैरम सेंटर, बड़ी मस्जिद के पास अहमद नगर कैम्प-02 भिलाई में बैठा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उससे सिगरेट मांगी, मना करने पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी अपने अन्य साथियों को बुलाकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, गला दबाकर और धारदार वस्तु से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया।
मामले में छावनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 118(1), 109, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों—मोह. रफिक, वसीम कुरैशी उर्फ कालू और रज्जा अहमद उर्फ पप्पू—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार नुकीली वस्तु और पानी की बोतल भी जप्त की है।
इस कार्रवाई में थाना छावनी के सउनि दिनेश कुमार सिंह, आरक्षक विकास सिंह और संदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि छोटे-छोटे विवादों को तूल न दें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।