शिवजी की बारात में विवाद नाबालिग की हत्या, 07 आरोपी गिरफ्तार

शिवजी की बारात में विवाद नाबालिग की हत्या, 07 आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग, 17 फरवरी 2026। शिवजी की बारात के दौरान हुए विवाद में एक युवक की हत्या के मामले में थाना मोहन नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि प्रार्थी शिव कुमार गोड (51 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 17 शांति नगर, दुर्ग ने 16 फरवरी 2026 को थाना मोहन नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र क्षय कुमार गोड उर्फ नानू शिवजी की बारात देखने गया था। इस दौरान पुरानी रंजिश को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मारपीट की और अपने पास रखे धारदार हथियार से प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को सिकोला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रकरण में अपराध क्रमांक 134/2026 धारा 103, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की गई। घेराबंदी कर विभिन्न स्थानों से सातों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते विवाद एवं धारदार हथियार से हमला करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में करण उर्फ बाटा, मनीष देशमुख उर्फ पाडू, अश्वनीद चंद्राकर, आशीष चतुर्वेदी उर्फ मोनू, शुभम देवांगन उर्फ राजा, जितेश वर्मा उर्फ पोगो तथा आदित्य सेन उर्फ ब्राण्डेड, सभी निवासी शक्ति नगर, दुर्ग शामिल हैं।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार जब्त किया है। कार्रवाई में थाना मोहन नगर के थाना प्रभारी, विवेचना अधिकारी, साइबर सेल सहयोगी स्टाफ एवं पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को दें। दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।