परीक्षा पे चर्चा प्रधानमंत्री कल विद्यार्थियों से करेंगे सीधा संवाद, 2 करोड़ 26 लाख ने कराया पंजीयन

<em>परीक्षा पे चर्चा प्रधानमंत्री कल विद्यार्थियों से करेंगे सीधा संवाद, 2 करोड़ 26 लाख ने कराया पंजीयन</em>



सीजी न्यूज ऑनलाइन डेस्क 28 जनवरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल उनतीस जनवरी को ‘‘परीक्षा पे चर्चा’’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने बताया है कि इस वर्ष परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के लिए दो करोड़ छब्बीस लाख से अधिक विद्यार्थियों अध्यापकों और अभिभावकों ने पंजीकरण कराया है। वर्ष 2022 में इस कार्यक्रम के लिए बाईस हजार प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। मंत्रालय ने कहा है कि यह प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करने और इस कार्यक्रम में भागीदारी करने के उत्सुक छात्रों के राष्ट्रव्यापी उत्साह को दर्शाता है। परीक्षा पे चर्चा का सातवां संस्करण सोमवार को नई दिल्ली में भारत मंडपम में होगा। लगभग तीन हजार
प्रतिभागी प्रधानमंत्री के साथ संवाद करेंगे। प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश के दो विद्यार्थियों और एक अध्यापक को तथा कला उत्सव के विजेताओं को मुख्य कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के एक सौ छात्र भी आयोजन में पहली बार हिस्सा लेंगे। परीक्षा पे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल, दूरदर्शन न्यूज़, दूरदर्शन भारत, यू-ट्यूब और माय जीओवी डाॅट इन के माध्यम से होगा।