दिव्यांग छात्रों से मुफ्त भोजन के बदले हर महीने वसूले 2 से 3 हजार रुपए

दिव्यांग छात्रों से मुफ्त भोजन के बदले हर महीने वसूले 2 से 3 हजार रुपए


🔴कोर्ट के आदेश पर ITI गेस्ट फैकल्टी पर FIR

सीजी न्यूज ऑनलाइन 21 अगस्त 2026 । जिस भोजन के लिए दिव्यांग छात्रों से एक रुपया भी नहीं लिया जाना था, उसी के नाम पर हर महीने हजारों रुपए वसूलने का आरोप लगा है। इंदौर के सरकारी ITI में गेस्ट फैकल्टी पर छात्रों से ₹2 से ₹3 हजार मासिक लेने और शनिवार-रविवार के खाने के लिए अलग से ₹500-700 वसूलने का आरोप है। शिकायत पुलिस तक पहुंची, कार्रवाई नहीं हुई तो मामला कोर्ट गया और अब FIR दर्ज हुई है।

शासकीय ITI में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संचालित निशुल्क भोजन व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता छात्रा अंजू कोहली के आरोपों के आधार पर कोर्ट के निर्देश के बाद हीरा नगर पुलिस ने गेस्ट फैकल्टी इंद्रा जाटव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब विद्यार्थियों के बयान और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

इंदौर के हीरा नगर थाना क्षेत्र स्थित शासकीय आईटीआई में दिव्यांग छात्र-छात्राओं को मिलने वाली भोजन सुविधा सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि शासन की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन के बदले विद्यार्थियों से नियमित तौर पर पैसे लिए जा रहे थे। शिकायत के मुताबिक, गेस्ट फैकल्टी के रूप में काम करने वाली महिला विद्यार्थियों से हर महीने 2 से 3 हजार रुपए ले रही थी।

शनिवार-रविवार के खाने के लिए भी अलग रकम

मामला सिर्फ मासिक भुगतान तक सीमित नहीं होने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि शनिवार और रविवार को मेस बंद रहने के दौरान विद्यार्थियों को खाना उपलब्ध कराने के नाम पर भी अलग से पैसे लिए जाते थे। इसके लिए कथित तौर पर प्रति छात्र ₹500 से ₹700 तक की राशि वसूली जाती थी।

अगर ये आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो सरकारी योजना के तहत मिलने वाली सुविधा के बदले विद्यार्थियों से अतिरिक्त रकम लेने का मामला और गंभीर हो सकता है।

छात्रा ने उठाई आवाज, पुलिस से नहीं हुई कार्रवाई तो पहुंची कोर्ट

मामले को लेकर दिव्यांग छात्रा अंजू कोहली ने शिकायत की। आरोप है कि शिकायत के बावजूद जब पुलिस स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने अधिवक्ता के माध्यम से अदालत का रुख किया। अदालत के समक्ष मामले में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध तथ्यों के बाद पुलिस को प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

कोर्ट के आदेश के बाद गेस्ट फैकल्टी पर FIR

▪️अदालत के निर्देश के बाद हीरा नगर पुलिस ने इंद्रा जाटव पति अनिल जाटव, निवासी राजीव आवास विहार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

▪️पुलिस के मुताबिक मामला अमानत में खयानत से जुड़ी धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है।

▪️कितने छात्रों से, कब से और कितने पैसे लिए? जांच में खुलेगा राज

FIR के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विद्यार्थियों से कथित तौर पर कितने समय से पैसे लिए जा रहे थे और कुल कितनी रकम का लेन-देन हुआ। जांच में विद्यार्थियों के बयान, भोजन व्यवस्था से जुड़े दस्तावेज और कथित भुगतान से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी।

दिव्यांग छात्रों के लिए बनी व्यवस्था पर उठे सवाल

मामले ने सरकारी संस्थानों में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संचालित सुविधाओं की निगरानी पर भी सवाल खड़े किए हैं। जिस व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्थिक राहत देना है, अगर उसी सुविधा के बदले उनसे रकम वसूली गई है तो इसकी जिम्मेदारी तय करना भी जांच का अहम हिस्सा होगा। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और कथित वसूली के पीछे वास्तव में क्या पूरा मामला था।