🔴चाकू, हथियार और वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त
सीजी न्यूज ऑनलाइन, 17 जुलाई 2026। सकरी थाना क्षेत्र में एक ढाबा संचालक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से बटनदार चाकू समेत वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान जब्त किए गए हैं। पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, भुंडा निवासी इस्माइल खान उर्फ सोनू ने 15 जुलाई को सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई की रात एक युवक अपने साथियों के साथ ढाबे में भोजन करने आया था। अगले दिन वह अपने साथियों के साथ दोबारा पहुंचा और दावा किया कि उसका मोबाइल फोन ढाबे में छूट गया है।
आरोपियों ने मोबाइल खोजने के नाम पर ढाबा संचालक से सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए उनका मोबाइल फोन लिया और करीब 45 मिनट तक रिकॉर्डिंग देखते रहे। इसके बाद मोबाइल नहीं मिलने की बात कहते हुए उन्होंने ढाबे में काम कर रहे कर्मचारी से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पर कर्मचारियों और आरोपियों के बीच विवाद हो गया।
शिकायत के मुताबिक, 15 जुलाई की सुबह करीब 10:20 बजे वही युवक अपने पांच अन्य साथियों के साथ फिर ढाबे पर पहुंचे। पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने ढाबा संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने संचालक पर पेट्रोल डालकर लाइटर से आग लगाने का प्रयास किया, ताकि उसे और ढाबे को जला सकें। इस दौरान उन्होंने बटनदार चाकू और अन्य हथियार लहराकर सभी को जान से मारने की धमकी भी दी।
सूचना मिलने पर सकरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। उसने कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में संकेत जायसवाल, राजवीर बाबरा, लारेन फ्रांसिस, राहुल गहरवरिया, आर्यन दुबे, और राहुल श्रीवास्तव शामिल हैं। संकेत सूरजपुर का तथा राहुल गहरवरिया बलरामपुर जिले का रहने वाला है, बाकी सभी बिलासपुर के हैं।

