भिलाई नगर 18 जनवरी । छत्तीसगढ़ में हसदेव जंगल में पेड़ों की हो रही अंधाधुंध कटाई के खिलाफ आज एनएसयूआई प्रदेश महासचिव आकाश कनोजे के नेतृत्व में शहर के हृदय स्थल सिविक सेंटर में बाटा शोरूम से लेकर हरीराज रेस्टोरेंट तक एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के द्वारा अर्ध नग्न होकर युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया है। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर कई आरोप लगाए हैं। आकाश कनोजे ने कहा कि पेड़ों की कटाई बंद हो नहीं, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रकृति के विनाश के के बाद होने वाला विकास हम किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करेंगे।
छत्तीसगढ़ प्रदेश एन एस यू आई के महासचिव आकाश कनोजे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ में सरकार बनते साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विष्णुदेव साय के संरक्षण में अडानी की ओर से हसदेव जंगल की कटाई की जा रही हैं। हजारों पेड़ काटे जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगते हुए कहा कि हसदेव को बचाने के लिए आंदोलन कर रहे आदिवासियों को डराया धमकाया जा रहा है। उन्हें सीएम विष्णुदेव साय की पुलिस जेल में बंद कर रही है। आकाश कनोजे ने कहा कि हसदेव जंगलों की कटाई का प्रदेश का प्रत्येक समाज हर वर्ग लगातार विरोध कर रहा है उसके बावजूद सरकार के द्वारा इस और ध्यान नहीं दिया जा रहा है प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षण करने के लिए आज एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के द्वारा अर्धनग्न प्रदर्शन किया गया है उन्होंने कहा कि प्रकृति कुदरत का बहुमूल्य उपहार है आने वाली पीढ़ी को हम अच्छी स्थिति में ही स्थानांतरित करना चाहते हैं ऐसे में विकास के नाम पर विनाश किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन युवाओं की मांग है कि हसदेव जंगल की कटाई पर तत्काल रोक लगाया जाए। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

