🛑ट्रांसपोर्ट नगर के कमरे में चल रहा था सट्टा कारोबार, 2 लैपटॉप, 17 मोबाइल, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपये नगद जब्त
दुर्ग, 07 नवंबर 2026। दुर्ग जिले में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खुर्सीपार पुलिस ने ‘रेड्डी अन्ना 108’ ऑनलाइन सट्टा एप्लीकेशन के माध्यम से अवैध सट्टा संचालित करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गुरुदयाल सिंह के यार्ड में टाटा सर्विस सेंटर के पास एक कमरे में ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना पर खुर्सीपार पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई करते हुए चार लोगों को पकड़ा।
बैंक खातों और एटीएम कार्ड का हो रहा था इस्तेमाल
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ‘रेड्डी अन्ना 108’ ऑनलाइन सट्टा एप्लीकेशन एवं पैनल के जरिए सट्टा गतिविधियां संचालित कर रहे थे। सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए विभिन्न व्यक्तियों के बैंक खातों और एटीएम कार्ड का उपयोग किया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, संबंधित खाताधारकों को इसके बदले कमीशन अथवा निर्धारित राशि दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है:
- अमित तिवारी (21 वर्ष), निवासी सेक्टर-11, जोन-02, खुर्सीपार।
- विकास कुमार साहू (24 वर्ष), निवासी मछली मार्केट, जोन-02, खुर्सीपार।
- शुभम कुमार पाल (21 वर्ष), निवासी सेक्टर-11, जोन-02, खुर्सीपार।
- यशमीत सिंह (19 वर्ष), निवासी जोन-03, मस्जिद के पास, खुर्सीपार।
ये सामग्री हुई जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड, 90 हजार रुपये नगद तथा ऑनलाइन सट्टा एप्लीकेशन और पैनल से संबंधित डिजिटल साक्ष्य एवं अन्य सामग्री जब्त की है।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस के तहत मामला दर्ज
थाना खुर्सीपार में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 510/2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6, 7, 8 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टा और अवैध गेमिंग एप्लीकेशन के लालच में न आएं। अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड अथवा ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। कमीशन के लालच में बैंक खाते का इस्तेमाल दूसरों को करने देना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।
पुलिस ने संदिग्ध ऑनलाइन सट्टा अथवा वित्तीय गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने में देने की अपील की है।


