🔴नागरिकों ने महापौर से की मुलाकात
भिलाईनगर, 25 फरवरी 2026। शांति नगर के वरिष्ठ नागरिकों एवं खेल प्रेमियों ने दशहरा मैदान को टेंडर प्रक्रिया से मुक्त कर रुचि की अभिव्यक्ति (Expression of Interest) के माध्यम से स्थानीय समिति को सौंपने की मांग की है। इस संबंध में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बृजमोहन सिंह एवं पार्षद अभिषेक मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम भिलाई के महापौर एवं आयुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम द्वारा जारी टेंडर को तत्काल निरस्त किया जाए। हजारों खेल प्रेमियों की भावनाएं इस मैदान से जुड़ी हैं, इसलिए इसे किसी व्यावसायिक टेंडर प्रक्रिया के अंतर्गत न लाया जाए। नागरिकों ने सुझाव दिया कि मैदान को केवल रख-रखाव हेतु शांति नगर की किसी स्थानीय समिति/संस्था को EOI के माध्यम से दिया जाए, ताकि नियमित देखरेख सुनिश्चित हो सके।
नागरिकों ने बताया कि वर्तमान में बाहरी लोग टूर्नामेंट आयोजित कर खिलाड़ियों से एंट्री फीस लेते हैं, लेकिन मैदान के रख-रखाव में सहयोग नहीं करते। आयोजनों के दौरान वाहन मैदान के अंदर ले जाए जाते हैं, जिससे घास और सतह को नुकसान पहुंचता है। लाइटें रातभर जलती रहती हैं, गड्ढों की मरम्मत नहीं होती और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि टेंडर प्रक्रिया समाप्त नहीं की गई तो सैकड़ों नागरिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और यह विरोध जारी रहेगा।
महापौर ने चर्चा के दौरान आश्वस्त किया कि मैदान को रुचि की अभिव्यक्ति के आधार पर ही दिया जाएगा तथा वर्तमान टेंडर प्रक्रिया में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य भी मैदान को सुरक्षित और संरक्षित रखना है तथा नियम-शर्तें नागरिकों के सुझावों के अनुरूप तय की जाएंगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में बलदेव सिंह ठाकुर, केदार बंसल, आशीष त्रिपाठी, चंद्रभूषण झा, अमर सिंह, भरत सिंह, संजय उपाध्याय, नवतेज सिंह सोहेल, महेंद्र यादव, राजेश यादव, धर्मेंद्र पाटिल, मुरली पोद्दार, सत्यनारायण राव, गिरीश खापोड़े, राजेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

