डिलीवरी बॉय से तड़के चाकू की नोक पर लूट, नेवई थाना में केस दर्ज

डिलीवरी बॉय से तड़के चाकू की नोक पर लूट, नेवई थाना में केस दर्ज


भिलाई नगर, 04 मार्च 2026। होली त्यौहार के अवसर पर कड़ी सुरक्षा के मध्य आरोपियों ने डिलीवरी बॉय के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। सेक्टर-06 भिलाई निवासी जोमैटो डिलीवरी बॉय से तड़के चाकू दिखाकर लूट की वारदात सामने आई है। घटना 04 मार्च 2026 की सुबह करीब 3:20 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


नेवई पुलिस ने बताया कि प्रार्थी सुजित कुमार (पिता सुनील सिंह), निवासी क्यू.नं.-05, एफ स्ट्रीट नं.-82, सेक्टर-06 भिलाई, ने थाना नेवई में दी शिकायत में बताया कि वह रिसाली सेक्टर से डिलीवरी कर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक CG 10 AB 0512 पर सवार दो युवकों ने उसे रोककर दुर्ग स्टेशन छोड़ने को कहा।
आरोप है कि रुकते ही एक युवक ने उसके गले पर चाकू टिका दिया, जबकि दूसरे ने उसकी पेंट की जेब से पर्स सहित 4,500 रुपये नकद और गाड़ी की चाबी छीन ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 0124/26 दर्ज कर धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट तथा 126(2), 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने देर रात ड्यूटी करने वाले डिलीवरी कर्मियों और आम नागरिकों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।