Delhi Blast News Live: ब्लास्ट में 8 की मौत, करीब 40 घायल

Delhi Blast News Live: ब्लास्ट में 8 की मौत, करीब 40 घायल


🔴पीएम मोदी ने गृह मंत्रालय से ली धमाके की जानकारी

सीजी न्यूज ऑनलाइन 10 नवंबर। दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार देर शाम करीब सात बजे एक कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही वहां खड़ी कई कारों में आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं। एनआईए की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर को अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने गृह मंत्रालय को घटना की पूरी जानकारी दी है। राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की है.

दिल्ली सोमवार शाम अचानक एक डरावनी आवाज से दहल उठी, जब लाल किले के पास एक कार में जबरदस्त धमाका हुआ. यह विस्फोट इतना तेज था कि आसपास अफरातफरी मच गई. चश्मदीदों के मुताबिक, एक पल में कार आग के गोले में बदल गई और उससे उठी लपटों ने बगल में खड़ी करीब सात से आठ गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया. धमाके में 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि 40 लोग घायल हुए हैं.

धमाका शाम 6 बजकर 55 मिनट पर हुआ और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू लिया है.

धमाके के बाद दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल यह साफ नहीं है कि धमाका कार में लगी सीएनजी से हुआ या इसमें किसी विस्फोटक पदार्थ का उपयोग हुआ।

लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोल्चा ने बताया कि “शाम करीब 6 बजकर 52 मिनट पर एक धीरे चल रही कार ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी थी, तभी उसमें अचानक विस्फोट हुआ.” आयुक्त गोल्चा ने कहा, “धमाके की वजह से आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं. सभी एजेंसियां – फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) – मौके पर मौजूद हैं और जांच जारी है.”