राधा कृष्ण ज्वेलर्स में जानलेवा हमला : 48 घंटे में पकड़ाया, निकला अपचारी बालक

राधा कृष्ण ज्वेलर्स में जानलेवा हमला : 48 घंटे में पकड़ाया, निकला अपचारी बालक


🔴मास्क लगाकर ज्वेलर्स दुकान में घुसा था आरोपी, आभूषण दिखाने के बहाने दुकानदार की गर्दन पर किया चाकू से वार

दुर्ग, 25 सितंबर 2026। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित राधा कृष्ण ज्वेलर्स में दुकानदार पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर अपचारी बालक को पकड़ लिया है। पुलिस जांच में आरोपी के विधि से संघर्षरत बालक होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 22 सितंबर की रात करीब 7:45 बजे बालाजी अपार्टमेंट के पास स्थित राधा कृष्ण ज्वेलर्स में हुई। एक अज्ञात युवक मुंह पर मास्क लगाकर दुकान में पहुंचा और आभूषण दिखाने की बात कही। इसी दौरान उसने अचानक स्टील के काले मुठ्ठे वाले चाकू से दुकानदार की गर्दन पर वार कर दिया।

हमले से बचाव के दौरान दुकानदार रंजन पालित के बाएं गाल और दाहिने हाथ में चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में दुकानदार की रिपोर्ट पर 22 सितंबर की रात पद्मनाभपुर थाने में अपराध दर्ज किया गया।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित सुरागकशी के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसे घटना के 48 घंटे के भीतर पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ एवं जांच में आरोपी के 18 वर्ष से कम उम्र के विधि से संघर्षरत बालक होने की पुष्टि हुई। प्रकरण में अपराध क्रमांक 0593/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 109(1) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया

पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया। पुलिस ने बताया कि पूरी कार्रवाई में थाना पद्मनाभपुर की टीम की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों के इस्तेमाल और सीसीटीवी विश्लेषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें। पुलिस ने अपराध के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।