
भिलाई नगर, 2 जून। दोस्तों के साथ घूमने निकले एक युवक की संदिग्ध अवस्था में शिवनाथ नदी दुर्ग से लाश बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि युवक कल रात घर से निकला और रविवार को शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट पर उसका शव बरामद हुआ है, उसके शरीर पर चोट के निशान भी हैं। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

आपको बता दें कि मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने वॉट्सऐप ग्रुप पर उसका फोटो भेजकर शिनाख्त करवाया। आज देर शाम उसकी पहचान छावनी थाना के कैंप क्षेत्र निवासी दिनेश शाह (45 वर्ष) के रूप में हुई है। फोटो देखकर पहुंचे परिजनों से पुलिस ने पूछताछ भी की है। जिसमें पता चला कि दिनेश शाह शनिवार की रात को अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था, इसके बाद वो देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार वाले भी उसकी खोजबीन में आज दिन भर परेशान रहे। तभी उन्हें शाम को शिवनाथ नदी में उसकी लाश मिलने की जानकारी मिली। हालांकि परिजनों से विस्तृत पूछताछ नहीं हो पाई है। उनसे पूछताछ के बाद ही आगे की बात स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
