भिलाईनगर, 09 मई 2026। Bhilai में क्रेडिट कार्ड बंद कराने के नाम पर ओटीपी लेकर 3 लाख 46 हजार 444 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। Bhilai Nagar पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिलाई नगर पुलिस के अनुसार प्रार्थी Devesh Kumar (52 वर्ष), निवासी सेक्टर-7 भिलाई, सीएसईबी में असिस्टेंट ग्रेड-02 के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई कि 12 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे उन्हें एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाली महिला ने स्वयं को HDFC Bank की कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका क्रेडिट कार्ड लंबे समय से सक्रिय नहीं है और उसे बंद करना है।
शिकायतकर्ता के अनुसार क्रेडिट कार्ड बंद करने की प्रक्रिया बताकर उनके मोबाइल पर ओटीपी भेजे गए। महिला ने प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर कई बार ओटीपी मांगे। 17 फरवरी 2026 को उसी नंबर से फिर कॉल आया और क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करने का हवाला देकर चार बार और ओटीपी लिया गया। इसके बाद कॉल करने वाले ने कहा कि कार्ड बंद करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
बाद में 17 अप्रैल 2026 को जब देवेश कुमार ने अपने क्रेडिट कार्ड का स्टेटमेंट देखा तो 12 फरवरी से 17 फरवरी के बीच कुल 3 लाख 46 हजार 444 रुपये की ओवरड्यू राशि दिखाई दी। इसके बाद वे नेहरू नगर स्थित बैंक शाखा पहुंचे और स्टेटमेंट की जांच कराई। जांच में पता चला कि अज्ञात व्यक्ति ने क्रेडिट कार्ड बंद करने के नाम पर ओटीपी हासिल कर खाते से यह रकम निकाल ली।
मामले में पुलिस ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी पाए जाने पर धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस अज्ञात मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

