🔴जामुल पुलिस ने किया भंडाफोड़
भिलाईनगर, 19 फरवरी 2026। साइबर अपराधियों को बैंक खातों के माध्यम से अवैध लेनदेन में सहयोग देने वाले गिरोह का थाना जामुल पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कुरूद स्थित सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 19 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीसीएम मेडिकल कॉलेज रोड स्थित गुप्ता पीजी मकान के पास कुछ व्यक्ति अन्य लोगों के बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) का दुरुपयोग कर अवैध धन अर्जित कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की गई और चारों संदेहियों को मौके से पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों से 13 बैंक पासबुक, 7 चेकबुक, 18 एटीएम कार्ड, 4 मोबाइल फोन, 12 सिम कार्ड तथा 5,700 रुपये नगद जब्त किए गए। जब्त खातों का समन्वय पोर्टल पर सत्यापन करने पर केरल, कर्नाटक, बिहार एवं गुजरात राज्यों में साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज होना पाया गया, जिससे गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ।
मामले में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत धारा 318(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी साइबर ठगों को म्यूल खाते उपलब्ध कराकर अवैध राशि का ट्रांजेक्शन कराते थे और इसके एवज में कमीशन प्राप्त करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद अब्दुला राईन उर्फ अमन (24 वर्ष), हिमांशु पटेल (31 वर्ष), पुट्टा राकेश बाबू (27 वर्ष) एवं शुभम स्वाई (20 वर्ष) शामिल हैं। चारों को 19 फरवरी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड उपयोग के लिए न दें और साइबर अपराध से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर दें।

