🔴100 करोड़ के अवैध भुगतान मामले में ACB की बड़ी कार्रवाई
सीजी न्यूज ऑनलाइन 21 फरवरी 2026। भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आबकारी उपायुक्त नवीन प्रताप सिंह तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई ब्यूरो में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 44/2024 के तहत की गई है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7-बी, 8 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी के तहत प्रकरण दर्ज है।
जानकारी के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के अधिकारियों ने 29 नवंबर 2023 को तीन व्यक्तियों से 28.8 लाख रुपये नकद जब्त किए थे। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए छत्तीसगढ़ शासन को सूचना भेजी गई थी, जिसके आधार पर एसीबी ने एफआईआर दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के अधिकारियों द्वारा संबद्ध मैनपावर एजेंसियों को षड्यंत्रपूर्वक अवैध भुगतान किया जा रहा था। इन भुगतानों का एक निश्चित हिस्सा कमीशन के रूप में रिश्वत के तौर पर लिया जाता था। जांच में सामने आया कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा जब्त की गई राशि मैनपावर एजेंसियों — Eagle Hunter Solutions Limited एवं Alert Commandos Private Limited — द्वारा दी जाने वाली कथित रिश्वत की रकम थी, जिसे तत्कालीन उप महाप्रबंधक CSMCL नवीन प्रताप सिंह तोमर तक पहुंचाया जाना था।
अब तक की जांच में यह भी प्रमाणित हुआ है कि CSMCL द्वारा मैनपावर एजेंसियों को अवैध भुगतान कर शासन को लगभग 100 करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है।
ब्यूरो ने आरोपी को 18 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर 19 फरवरी 2026 को माननीय विशेष न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। मामले में विस्तृत जांच जारी है।

