सीजी न्यूज ऑनलाइन, 28 जुलाई 2026। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) रायपुर ने सीएसएमसीएल (CSMCL) ओवरटाइम भुगतान घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी अनवर ढेबर के सहयोगियों के तीन ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान घोटाले से अर्जित कथित अवैध रकम के निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 44/2024 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(बी), 8 तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 467, 468, 471 और 120-बी के तहत मामले की जांच की जा रही है।
जांच एजेंसी के अनुसार, सर्च के दौरान ऐसे दस्तावेज मिले हैं जिनसे यह संकेत मिलता है कि ओवरटाइम भुगतान घोटाले से अर्जित कथित अवैध धनराशि का निवेश नामी और बेनामी संपत्तियां खरीदने में किया गया। बरामद साक्ष्यों के आधार पर अनवर ढेबर के सहयोगियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
ईओडब्ल्यू ने बताया कि प्रकरण की विवेचना लगातार जारी है और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

