🔴250 टन लोहा बरामद,कबाड़ी गोदाम सील
🔴महाप्रबंधक की शिकायत पर से पांच के खिलाफ अपराध दर्ज
भिलाईनगर, 28 मई 2026। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने हथखोज और अकलोरडीह इलाके में दबिश देकर करीब 250 टन संदिग्ध लोहा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
भिलाई इस्पात संयंत्र के भीतर से लोहा चोरी के मामले को दुर्ग पुलिस के द्वारा उजागर किया गया है लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्यवाही की है।
फ्लू डस्ट की आड़ में चलता था खेल
जानकारी के मुताबिक, ट्रकों में ऊपर फ्लू डस्ट भर दी जाती थी और नीचे भारी मात्रा में लोहे की प्लेटें और स्क्रैप छिपाकर प्लांट से बाहर निकाला जाता था। हैरानी की बात यह है कि CISF सुरक्षा और सैकड़ों CCTV कैमरों के बावजूद लंबे समय तक इस खेल की भनक तक नहीं लगी।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा पूरा खेल
भिलाई-3 थाना पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि BSP से लोहा चोरी कर बाहर सप्लाई किया जा रहा है। 27 मई को पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रकों पर नजर रखी और पीछा करते हुए हथखोज स्थित गोदाम तक पहुंच गई।
जैसे ही ट्रक गोदाम के अंदर पहुंचे, पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर रेड कार्रवाई कर दी।
हाईवा के अंदर मिला टनों लोहा
छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई वैध कागजात पेश नहीं किए जा सके। जब दो हाईवा वाहनों की जांच की गई तो ऊपर फ्लाई ऐश और अंदर टनों लोहा भरा मिला। वाहन क्रमांक CG-04 QT 8797 और CG-08 AW 1475 के जरिए स्क्रैप मटेरियल का परिवहन किया जा रहा था।
गोदाम से मिला 250 टन से ज्यादा माल
जांच के दौरान गोदाम से करीब 250 टन संदिग्ध लोहा बरामद किया गया। पुलिस को आशंका है कि यह पूरा माल BSP की SMS-3 यूनिट से चोरी कर यहां डंप किया गया था।
कबाड़ी गोदाम सील
जिस गोदाम से लोहा बरामद हुआ, उसका संचालन मोहम्मद कलीम द्वारा किया जाना बताया जा रहा है। पुलिस ने पूरे यार्ड को सील कर दिया है और मौके से मिले लोहे को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर लिया है।
ट्रांसपोर्टर और संचालक रडार पर
पुलिस अब ट्रांसपोर्टर संजय सिंह और गोदाम संचालक मोहम्मद कलीम से पूछताछ की तैयारी कर रही है। ड्राइवरों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
BSP प्रबंधन में मचा हड़कंप
घटना सामने आते ही BSP प्रबंधन में हड़कंप मच गया। BSP की टीम और FSL अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। प्लांट प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए अलग समिति भी गठित कर दी है।
महाप्रबंधक की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज
सीसी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) में करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप चोरी मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने BSP के महाप्रबंधक धमन भट्टी राजेश चमोर्शिकर की शिकायत पर 5 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 0277/26 दर्ज कर आरोपी संजय सिंह, मोहम्मद सलीम, चालक चिंतानंद साहू, जितेश वर्मा और निर्मल सिंह के खिलाफ मामला कायम किया है।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 317(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक आरोपियों के नाम तय किए जाएंगे।

